
लोगों को सतर्क रहने की अपील
पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत सुकुलकारी ग्राम पंचायत में एक विशाल भालू देखे जाने की खबर सामने आने के बाद पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों के अनुसार बीते देर सुबह गांव के बाहरी इलाके तथा खेतों के पास एक बड़े आकार का भालू घूमते हुए दिखाई दिया। भालू को देखने के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया और लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि भालू गांव के समीप जंगल और खेतों के आसपास कई घंटों तक घूमता रहा। कुछ ग्रामीणों ने दूर से उसका वीडियो और फोटो भी लेने का प्रयास किया, लेकिन डर के कारण कोई भी उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं कर सका। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस प्रकार का विशाल भालू पहली बार गांव के इतने करीब देखा गया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते वन विभाग द्वारा उचित कदम नहीं उठाया गया तो यह भालू किसी बड़ी घटना का कारण बन सकता है। गांव में छोटे बच्चे, बुजुर्ग तथा मवेशी खुले में रहते हैं, ऐसे में जान-माल का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द टीम भेजकर भालू को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा जाए तथा गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में जंगलों की कटाई और भोजन की कमी के कारण जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर तेजी से आने लगे हैं। यही कारण है कि भालू अब गांव के नजदीक दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने लोगों से रात के समय अकेले बाहर न निकलने, बच्चों को घर के अंदर रखने तथा खेतों की ओर सावधानी से जाने की अपील की है।
गांव के कई लोगों ने कहा कि भालू के डर से किसान रात में खेतों की रखवाली करने भी नहीं जा पा रहे हैं। इससे खेती-किसानी का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। वहीं महिलाएं और बच्चे भी भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जाए तथा वन विभाग की टीम लगातार निगरानी करे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। फिलहाल पूरे क्षेत्र में भालू देखे जाने की चर्चा जोरों पर है और लोग सतर्कता बरत रहे हैं।
Author Profile

Latest entries
UncategorizedOctober 26, 2026पचपेड़ी क्षेत्र में कुकुरमुत्ता फूल के जैसे सक्रिय हो चुके हैं लेवर दलाल , जम करा रहें हैं मजदूरों का पलायन, निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल..।
UncategorizedOctober 23, 2026कृषि उत्पादन आयुक्त श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की संभागीय बैठक सम्पन्न
UncategorizedOctober 15, 2026
UncategorizedOctober 12, 2026समस्याओं का समाधान खोजने युवाओं को नवाचार के लिए किया प्रेरित
